देवघर : आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर देवघर सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड सरकार के पर्यटन सह नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने की। बैठक में मेला से जुड़ी सभी विभागीय तैयारियों की समीक्षा की गई।
मंत्री ने कहा कि 31 जुलाई से शुरू होने वाले विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधा देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला झारखंड की पहचान है और श्रद्धालु यहां से अच्छी यादें लेकर लौटें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
VIP दर्शन पर पूरी तरह रोक
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि मेले के दौरान VIP और VVIP दर्शन पूरी तरह बंद रहेगा। इसका उद्देश्य आम श्रद्धालुओं को बिना भेदभाव सुगम जलार्पण की सुविधा देना है।
हाईटेक होगा मेला क्षेत्र
श्रावणी मेले में इस बार फेस रिकग्निशन, AI आधारित कंट्रोल रूम, ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, डिजिटल हेल्पलाइन और QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम लागू किया जाएगा।
बुनियादी सुविधाओं पर जोर
बैठक में 24 घंटे पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, स्वास्थ्य केंद्र, मातृत्व केंद्र, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और सूचना सहायता केंद्र को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही कूड़ा प्रबंधन को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत होगी
दुम्मा बॉर्डर से खिजुरिया कांवरिया पथ तक बिजली पोल हटाने का निर्देश दिया गया। वहीं देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन सड़क का कार्य मेला शुरू होने से पहले पूरा करने को कहा गया। भीड़ नियंत्रण, अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। अस्थायी ढांचे के बजाय स्थायी संरचनाएं बनाने पर भी जोर दिया गया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सख्ती
मंत्री ने ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली से यात्रा को खतरनाक बताते हुए इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं से बस और ट्रेन जैसे अधिकृत साधनों का उपयोग करने की अपील की जाएगी।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
- 31 जुलाई से शुरू होगा श्रावणी मेला 2026
- VIP और VVIP दर्शन पूरी तरह बंद
- फेस रिकग्निशन और AI तकनीक का उपयोग
- QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम लागू होगा
- दुम्मा-खिजुरिया पथ पर बिजली पोल हटेंगे
- देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन कार्य जल्द पूरा होगा
- 24 घंटे पेयजल, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था
- ट्रैफिक, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण मजबूत होगा
- ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली पर निगरानी बढ़ेगी
बैठक के बाद देवघर डीसी शशि प्रकाश सिंह ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह और पर्यटन सचिव मुकेश कुमार समेत अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
