बोकारो : बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के टाउन एंड एडमिनिस्ट्रेशन विभाग ने शुक्रवार को बोकारो निवास के पीछे स्थित बस्ती इलाके में अवैध बिजली और पानी कनेक्शन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान करीब 25 घरों के अवैध कनेक्शन काटे गए। अधिकारियों के अनुसार, बस्ती में पिछले लगभग 10 वर्षों से अवैध रूप से बिजली और पानी का उपयोग किया जा रहा था। कई बार चेतावनी देने के बावजूद लोग कनेक्शन हटाने को तैयार नहीं हुए।
अवैध बिजली कनेक्शन से लाइट, पंखा समेत अन्य उपकरण चलाए जा रहे थे, जिससे टाउनशिप क्षेत्र में अतिरिक्त लोड बढ़ रहा था। वहीं अवैध पानी पाइपलाइन से जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान बीएसएल सुरक्षाकर्मी और होमगार्ड जवान भी मौके पर मौजूद थे। टीम ने अवैध बिजली तार काटे और पानी की पाइपलाइन हटाई। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई, जिसमें एक होमगार्ड जवान घायल हो गया। घायल जवान को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। बीएसएल प्रशासन ने कहा है कि टाउनशिप क्षेत्र में अवैध बिजली और पानी कनेक्शन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। साथ ही लोगों से वैध तरीके से कनेक्शन लेने की अपील की गई है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
