जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पाद मचाया। बेखौफ चोरों ने एक सरकारी स्कूल सहित तीन घरों को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और सरकारी दस्तावेज उड़ा लिए। एक ही रात में हुई चोरी की इन ताबड़तोड़ वारदातों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
चोरी की पहली और सबसे बड़ी घटना भुरकाडीह गांव में गायत्री भक्त के घर पर हुई। बताया जा रहा है कि गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने लोहे की सबल से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। घर में दाखिल होने के बाद चोरों ने दो अलमारियों के लॉकर तोड़कर करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और ₹4,500 नकद पर हाथ साफ कर दिया।
इसी रात चोरों ने भुरकाडीह गांव के ही दो अन्य ग्रामीणों—मोनिका रानी भक्त और किशोर कुमार गिरी के घरों को भी निशाना बनाया। चोरों ने दोनों घरों के दरवाजों की कुंडी काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी नकदी समेत कीमती सामान समेट कर चंपत हो गए। पीड़ित परिवारों द्वारा फिलहाल कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घरों में हाथ साफ करने के बाद चोरों ने आसनवनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय को निशाना बनाया। चोरों ने स्कूल के एक-दो नहीं, बल्कि पूरे सात कमरों के ताले तोड़ डाले। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, चोर वहां से करीब 25 हजार रुपये मूल्य की सामग्री के साथ-साथ कई जरूरी दस्तावेज और महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें भी चोरी कर ले गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों ने की गश्त बढ़ाने की मांग
शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने सभी घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ितों की शिकायत पर एफआईआर र्ज कर ली है। लगातार हो रही चोरियों से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त को तत्काल बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
