लौहनगरी जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। गुरुवार देर रात मुख्य सड़क पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली। हद तो तब हो गई जब महिला ने हिम्मत दिखाकर उनका पीछा किया, तो अपराधियों ने सरेराह उन पर पिस्टल तान दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, वास्तु विहार की रहने वाली पीड़िता नवजोत देर रात अपनी बेटी के साथ घर के पास ही स्थित एक दुकान की तरफ जा रही थीं। वे विजया गार्डन और वास्तु विहार के बीच मुख्य सड़क पर पहुंची ही थीं कि तभी एक पल्सर बाइक पर सवार दो हेलमेटधारी अपराधी वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर नवजोत के गले से सोने की चेन उड़ा ली।
चैन छिनने के बाद महिला घबराई नहीं, बल्कि उन्होंने साहस का परिचय देते हुए शोर मचाया और बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख और पकड़े जाने के डर से बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने कमर से पिस्टल निकाली और सीधे मां-बेटी पर तान दी। सरेआम लोड पिस्टल देखकर मां-बेटी खौफ में पीछे हट गईं, जिसका फायदा उठाकर दोनों अपराधी बाइक की रफ्तार बढ़ाते हुए तेजी से रफूचक्कर हो गए।
इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि विजया गार्डन और वास्तु विहार जैसी व्यस्त सड़कों पर अगर अपराधी इस तरह बेखौफ होकर हथियार लहरा रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त की लचर व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाए हैं।
मामले की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के हुलिए और बाइक के नंबर का सुराग लगाया जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बिरसानगर और आसपास के रिहायशी इलाकों में रात के समय पुलिस गश्ती को तुरंत बढ़ाया जाए, ताकि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
