पलामू में लेवी के लिए हाइवा फूंकने वाला शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

पलामू में लेवी के लिए हाइवा फूंकने वाला शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के पलामू जिले में लेवी वसूली के लिए दो हाइवा में आग लगाने वाले एक शातिर अपराधी को छतरपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरडीहा निवासी 25 वर्षीय कपिलदेव सिंह उर्फ कपिल सिंह उर्फ विशाल कुमार के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

10 अपराधियों ने रोककर लगाई थी आग

छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 27 मई 2025 की रात चराई क्षेत्र में खनन कार्य में लगे दो हाइवा को करीब 10 अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर रोक लिया था। अपराधियों ने चालकों के साथ मारपीट की और इलाके में दहशत फैलाने व लेवी वसूलने के उद्देश्य से दोनों वाहनों में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि दोनों हाइवा मौके पर ही जलकर राख हो गए।

पीड़ित के बयान पर दर्ज हुआ था मामला

घटना के बाद पीड़ित रामू कुमार गुप्ता के बयान पर छतरपुर थाने में 10 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें कपिलदेव सिंह की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने गुप्त सूचना पर उसके गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल छह अन्य आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

एसडीपीओ ने बताया कि कपिलदेव सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह विश्रामपुर और छतरपुर थाना क्षेत्रों के कई मामलों में नामजद है और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई थी। टीम में थाना प्रभारी सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, अनिल कुमार रजक, सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार, मिथिलेश कुमार यादव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article