रांची पुलिस की अनोखी पहल, ट्रैफिक जवानों को मिली ‘कूलिंग जैकेट’; 8 घंटे तक देगी एसी जैसी राहत

रांची पुलिस की अनोखी पहल, ट्रैफिक जवानों को मिली ‘कूलिंग जैकेट’; 8 घंटे तक देगी एसी जैसी राहत

Johar News Times
2 Min Read

रांची : भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए रांची पुलिस ने आधुनिक “कूलिंग जैकेट” का ट्रायल शुरू किया है। जवानों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में इसे अहम पहल माना जा रहा है। इन विशेष जैकेटों में इन-बिल्ट फैन सिस्टम लगाया गया है, जो लगातार हवा का प्रवाह बनाए रखता है और शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करता है। इससे ट्रैफिक जवान तेज धूप और गर्मी के बीच भी लंबे समय तक आरामदायक तरीके से ड्यूटी कर सकेंगे।

8 घंटे तक करेगी काम

कूलिंग जैकेट पावर बैंक से संचालित होती है। एक बार चार्ज होने पर यह करीब आठ घंटे तक लगातार काम करती है। जैकेट का कपड़ा एसपीएफ 50 सुरक्षा प्रदान करता है, जिससे जवानों को तेज धूप और हानिकारक किरणों से बचाव मिलेगा।

रात में भी बढ़ेगी सुरक्षा

रात के समय ड्यूटी के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जैकेट में रिफ्लेक्टिव रेडियम स्ट्रिप्स लगाई गई हैं, ताकि दूर से ही पुलिसकर्मियों की पहचान आसानी से हो सके।

पांच जैकेटों के साथ ट्रायल शुरू

फिलहाल रांची पुलिस ने पांच कूलिंग जैकेटों के साथ ट्रायल शुरू किया है। अधिकारियों के अनुसार ट्रायल सफल रहने और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद आगे और जैकेट खरीदी जाएंगी। भविष्य में झारखंड के अन्य शहरों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। रांची पुलिस की इस पहल को आधुनिक तकनीक के जरिए पुलिस व्यवस्था को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और प्रभावी बनाने की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article