रांची : राजधानी रांची के चर्चित कारोबारी अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया का अंतिम संस्कार शुक्रवार को हरमू मुक्तिधाम में किया गया। उन्हें उनके भाई कुश भाटिया ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में शहर के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
इस दौरान मुक्तिधाम का माहौल बेहद भावुक रहा। लव भाटिया के पिता आशीष भाटिया बेसुध नजर आए और बार-बार उनकी तबीयत बिगड़ती रही। परिवार के सदस्यों और परिचितों ने उन्हें संभालने की कोशिश की। अंतिम संस्कार में करण भाटिया, कुणाल अजमानी, धीरज तनेजा, नवजोत अलंग, पवन शर्मा, राम बांगड़, अजय शाहदेव, पंकज पोद्दार, वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त, विवेक भसीन, राजिंदर सिंह, संदीप नागपाल, सुनील कालरा, जुवीन ठक्कर समेत शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि सर्कुलर रोड स्थित प्रसिद्ध ‘कावेरी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स’ की देखरेख करने वाले कारोबारी लव भाटिया की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उन्हें गंभीर हालत में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे ऑर्किड अस्पताल लाया गया था। अस्पताल के डॉक्टरों ने करीब 40 मिनट तक उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लव भाटिया के निधन से रांची के व्यापार जगत में शोक की लहर है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
