रांची : झारखंड सरकार ने राज्य के नए महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। झारखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता रोहिताश्व रॉय को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राज्यपाल के आदेश से की गई है।
विधि विभाग द्वारा 14 जून 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, पूर्व महाधिवक्ता राजीव रंजन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है। राजीव रंजन ने 14 जून को अपने पद से त्यागपत्र दिया था।
अधिसूचना में कहा गया है कि राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 165(1) के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए इस्तीफा स्वीकार किया है। इसके साथ ही रांची स्थित झारखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता रोहिताश्व रॉय को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है।

यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी। राज्य के सर्वोच्च विधिक अधिकारी के रूप में रोहिताश्व रॉय सरकार को कानूनी मामलों में सलाह देने और न्यायालयों में राज्य का पक्ष रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
