उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने नशा मुक्ति जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी, कहा- नशे से दूरी ही सुरक्षित और स्वस्थ समाज के लिए जरूरी

उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने नशा मुक्ति जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी, कहा- नशे से दूरी ही सुरक्षित और स्वस्थ समाज के लिए जरूरी

Johar News Times
2 Min Read

नशापान के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार 10 जून से 25 जून तक विशेष नशा मुक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में समाहरणालय परिसर से उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से नशा मुक्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों, शहरी क्षेत्रों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक सोच, शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के विरुद्ध जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जुड़कर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशामुक्त वातावरण के निर्माण में योगदान देना चाहिए।


अभियान के दौरान जागरूकता रथ के माध्यम से प्रचार सामग्री, ऑडियो संदेश, नुक्कड़ कार्यक्रम एवं अन्य जनसंपर्क गतिविधियों के जरिए आमजनों को नशे से होने वाली सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी हानियों की जानकारी दी जाएगी तथा नशामुक्त जीवन के लाभों से अवगत कराया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील है कि नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग करें।

Share This Article