IPL में गरजा बल्ला, श्रीलंका में थमी वैभव की रफ्तार; तीन मैचों में नहीं खेल सके बड़ी पारी

IPL में गरजा बल्ला, श्रीलंका में थमी वैभव की रफ्तार; तीन मैचों में नहीं खेल सके बड़ी पारी

Johar News Times
2 Min Read

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में तूफानी बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला श्रीलंका में जारी वनडे ट्राई सीरीज में अब तक खामोश नजर आया है। इंडिया ए की ओर से खेल रहे वैभव ने शुरुआती तीन पारियों में 14, 44 और 21 रन बनाए हैं।

वैभव ने पहले मैच में श्रीलंका ए के खिलाफ 12 गेंदों पर 14 रन बनाए थे। इसके बाद अफगानिस्तान ए के खिलाफ 22 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली, लेकिन बड़ी पारी में उसे नहीं बदल सके। तीसरे मैच में श्रीलंका ए के खिलाफ वह 14 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हो गए। दिलचस्प बात यह है कि तीनों मुकाबलों में वैभव अलग-अलग तरह की गेंदों का शिकार बने। पहले मैच में फुल लेंथ गेंद, दूसरे में बाउंसर और तीसरे मुकाबले में स्पिन गेंदबाज की फ्लाइटेड डिलीवरी पर उन्होंने विकेट गंवाया। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि विपक्षी टीमें उनकी बल्लेबाजी की कमजोरियों पर लगातार काम कर रही हैं।

आईपीएल 2026 में वैभव का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए थे और रिकॉर्ड 72 छक्के जड़े थे। वहीं श्रीलंका में जारी ट्राई सीरीज के तीन मैचों में उनके बल्ले से 48 गेंदों पर 79 रन निकले हैं और उनका स्ट्राइक रेट 164.58 रहा है। हालांकि यह स्ट्राइक रेट वनडे क्रिकेट के लिहाज से अच्छा माना जाता है, लेकिन आईपीएल में दिखाई गई उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की तुलना में इसमें गिरावट देखी जा रही है। अब सभी की नजरें सीरीज के आगामी मुकाबलों पर हैं, जहां वैभव से बड़ी और मैच जिताऊ पारी की उम्मीद की जा रही है।

Share This Article