कमलकोट सैन्य शिविर में उपकरण हस्तांतरण के दौरान हुआ विस्फोट, महाराष्ट्र के दोनों जवानों ने अस्पताल में तोड़ा दम,
श्रीनगर/उरी: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट स्थित कमलकोट सैन्य शिविर में हुए आकस्मिक ग्रेनेड विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को तत्काल श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम सैन्य शिविर में नियमित उपकरण हस्तांतरण (हैंडओवर) की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक ग्रेनेड में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सैन्य अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया।
शहीद जवानों की पहचान महाराष्ट्र के अहमदनगर निवासी चव्हाण विक्रम बालकृष्ण तथा सतारा जिले के कराड तहसील अंतर्गत शाहपुर निवासी अर्जुन जाधव राजेंद्र के रूप में हुई है। दोनों जवान सीमा क्षेत्र में तैनात थे और अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। शहादत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों और गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सेना और संबंधित एजेंसियां विस्फोट की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आकस्मिक विस्फोट का प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए इन दोनों वीर जवानों को देशभर में श्रद्धांजलि दी जा रही है। उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को राष्ट्र सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा।
