गर्मी से राहत देने वाला मानसून अपने साथ कई स्वास्थ्य चुनौतियां भी लेकर आता है। बारिश शुरू होते ही मौसम में नमी बढ़ जाती है, जिससे जगह-जगह पानी जमा होने लगता है। यह माहौल बैक्टीरिया, वायरस और मच्छरों के पनपने के लिए बिल्कुल अनुकूल होता है। यही कारण है कि बरसात के दिनों में बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। इस मौसम में बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर इम्युनिटी वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। हालांकि, थोड़ी सावधानी और सही आदतें अपनाकर डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर और पेट की बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।
मानसून में तेजी से फैलती हैं ये 4 गंभीर बीमारियां
1. डेंगू और मलेरिया
बारिश के दौरान घरों और आसपास जमा पानी मच्छरों के पनपने की सबसे बड़ी वजह बनता है।
- लक्षण: डेंगू में तेज बुखार, सिर दर्द, शरीर दर्द और कमजोरी महसूस होती है, जबकि मलेरिया में ठंड लगने के साथ तेज बुखार आता है।
- बचाव: घर के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और पूरी बाजू के कपड़े पहनें।
2. वायरल फीवर और फ्लू
मानसून में तापमान और नमी में लगातार उतार-चढ़ाव होने के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है। ऐसे में वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी समस्याएं तेजी से फैलती हैं।
- लक्षण: बुखार, खांसी, गले में दर्द या शरीर दर्द।
- बचाव: बार-बार हाथ धोना, साफ-सफाई रखना और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेकर आराम करना।
3. टाइफाइड और गैस्ट्रोएंटेराइटिस (पेट का संक्रमण)
बरसात के दिनों में दूषित पानी और संक्रमित भोजन के कारण टाइफाइड, हैजा और गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी बीमारियां पैर पसारने लगती हैं।
- लक्षण: पेट दर्द, दस्त, उल्टी और तेज बुखार।
- बचाव: हमेशा साफ और उबला हुआ पानी पिएं। बाहर के कटे हुए फल और स्ट्रीट फूड से पूरी तरह परहेज करें।
4. पीलिया
मानसून में खराब खाना और दूषित पानी के जरिए हेपेटाइटिस A और E जैसे वायरस फैलते हैं, जिससे पीलिया होने की संभावना बढ़ जाती है।
- लक्षण: आंखें और त्वचा पीली पड़ना, अत्यधिक कमजोरी और भूख न लगना।
- बचाव: साफ-सुथरे खान-पान और शुद्ध पेयजल का सेवन ही इसका सबसे आसान बचाव है।
खुद को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये 5 जरूरी बातें
यदि आप और आपका परिवार मानसून के इस सुहाने मौसम का बिना बीमार पड़े आनंद लेना चाहता है, तो इन 5 बातों का विशेष ध्यान रखें:
- उबला या फिल्टर पानी पिएं: गंदा पानी कई गंभीर बीमारियों की जड़ है, इसलिए हमेशा पूरी तरह शुद्ध या उबला हुआ पानी ही पिएं।
- हाथों की स्वच्छता: खाना खाने से पहले, खाना बनाने से पहले और बाहर से घर लौटने के बाद साबुन से हाथ अच्छी तरह जरूर धोएं।
- मच्छरों पर नियंत्रण: घर के भीतर और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। मच्छर भगाने वाले कार्ड, लिक्विड या मॉस्किटो रिपेलेंट का इस्तेमाल करें।
- ताजा भोजन ही खाएं: बासी और खुले में रखे हुए भोजन को खाने से बचें। हमेशा ताजा, गर्म और अच्छी तरह पका हुआ खाना ही खाएं।
- इम्युनिटी बढ़ाएं: अपनी डाइट में विटामिन-सी युक्त फल, हरी सब्जियां और पर्याप्त मात्रा में पानी शामिल करें। इसके साथ ही अच्छी नींद लें और नियमित एक्सरसाइज करें ताकि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रहे।
