घटना के दो दिन बाद थाने पहुंचा मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से चेन झपटने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के दौरान महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना के दो दिन बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रेम कुंज के पास रहने वाली धनवंती देवी सुबह करीब सात बजे टहलने निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और गले में पहनी सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। छीना-झपटी के दौरान धनवंती देवी सड़क पर गिर गईं, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
बताया जाता है कि घटना के बाद धनवंती देवी काफी घबरा गई थीं और उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी अपने परिजनों को नहीं दी। बाद में जब स्थानीय लोगों के बीच घटना की चर्चा हुई तो परिवार को पूरे मामले की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया।
महिला के पुत्र संतोष कुमार ने रविवार देर शाम परसुडीह थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
