हाईवा की चपेट में आने से गई जान, चालक वाहन छोड़कर फरार,
जमशेदपुर/परसूडीह: परसूडीह थाना क्षेत्र के सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के समीप सोमवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में टाटा मोटर्स के लिए ड्यूटी पर जा रहे एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदनी चौक निवासी 25 वर्षीय सुमित मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित मुंडा रोज की तरह सुबह करीब 5:30 बजे अपनी बाइक से टाटा मोटर्स ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। बताया जाता है कि इसी क्रम में सुमित की बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और वह हाईवा के पहिए की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने वाहन को वहीं रोक लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परसूडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए आवागमन बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।
लोगों ने दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा सड़क सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं फरार चालक की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
