बिहार: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के कार्यक्रम में पथराव, बॉडीगार्ड घायल; दो युवक गिरफ्तार

बिहार: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के कार्यक्रम में पथराव, बॉडीगार्ड घायल; दो युवक गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

बिहार के गया जिले के खिजरसराय प्रखंड स्थित सिसवर गांव में केंद्रीय मंत्री और जीतन राम मांझी के कार्यक्रम के दौरान पथराव की घटना सामने आई है। घटना में उनके एक बॉडीगार्ड को हल्की चोट लगी, हालांकि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री को सम्मानित किया गया था। जैसे ही वे मंच पर संबोधन के लिए बढ़ रहे थे, बाहर से दो पत्थर फेंके गए। इनमें से एक पत्थर उनके बॉडीगार्ड को लगा, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम स्थल के बाहर मौजूद दो युवकों को हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ जारी है। नीमचक बथानी के एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मौखिक सूचना मिलने के बाद पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार स्कूल प्रबंधन या किसी राजनीतिक प्रतिनिधि की ओर से अभी तक थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने शिकायत देने की अपील की है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

पहले भी मिल चुकी थी धमकी

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी के काफिले पर भी हमला हुआ था। इसके बाद जीतन राम मांझी को धमकी मिलने की खबरें भी सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी मंत्री पर सीधे पथराव की पुष्टि पूरी तरह नहीं हुई है।

Share This Article