रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत डोल बगीचा स्थित जीनियस इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में SSC (GD/Constable) CAPF परीक्षा-2026 के दौरान कंप्यूटर सिस्टम को हैक करने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और संगठित गिरोह की संलिप्तता की जांच शुरू कर दी है।
सूचना के अनुसार दिनांक 21.05.26 को सुबह 10:00 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को जानकारी मिली कि परीक्षा संचालन के दौरान कंप्यूटर सिस्टम को हैक करने की कोशिश की गई है। सूचना पर एसएसपी द्वारा छापामारी दल का गठन किया गया। दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां प्रथम तल के लैब-1 में पाया गया कि परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले एक परीक्षार्थी द्वारा इनविजिलेटर के कहने पर कंप्यूटर सिस्टम को रीस्टार्ट किया गया, जो परीक्षा प्रक्रिया के नियमों के विरुद्ध था। रीस्टार्ट के बाद कंप्यूटर सिस्टम में रिमोट एक्सेस (REMOTE ACCESS) की आशंका सामने आई, जिससे स्क्रीन मिररिंग और सिस्टम हैकिंग की संभावना प्रतीत हुई।
पूछताछ में परीक्षार्थी और इनविजिलेटर ने अपना अपराध स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के विपरीत दिशा में सड़क के पार किराए के मकान में एक केंद्राधीक्षक और एक आईटी कर्मी रहते हैं, जहां से इंटरनेट और आईपी के माध्यम से कंप्यूटर सिस्टम को ऑनलाईन एक्सेस कर परीक्षा में कदाचार कराया जाता है और अभ्यर्थियों के प्रश्नपत्र हल कराए जाते हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा पास कराने के नाम पर एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जिसमें बिचौलियों के माध्यम से सेटिंग की जाती है। इसके एवज में 6 लाख से 10 लाख रुपये तक की रकम वसूली जाती थी। एक मामले में बिहार के एक बिचौलिये द्वारा 6 लाख रुपये में सेटिंग कराई गई थी और अभ्यर्थी के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी अपने पास रखे गए थे। पुलिस ने इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह में अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बरामद सामग्री
पुलिस ने मौके से निम्न सामान बरामद किए हैं—
- कंप्यूटर मॉनिटर: 02
- CPU: 03
- ब्रॉडबैंड/वाईफाई डिवाइस: 01
- की-बोर्ड: 02
- माउस: 02
- एंड्रॉयड मोबाइल फोन: 03
- एडमिट कार्ड व आधार कार्ड
- बैंक चेक: 05
- दो अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र
पुलिस के अनुसार यह पूरा मामला संगठित साइबर फ्रॉड और परीक्षा कदाचार से जुड़ा है, जिसकी गहन जांच जारी है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
