सुप्रीम कोर्ट से जमानत के बाद 2 साल बाद घर लौटे पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, बरहरवा-कोटालपोखर में कार्यकर्ताओं का ऐतिहासिक स्वागत

दो साल बाद घर वापसी: जेल से रिहा होकर अपने क्षेत्र पहुंचे आलमगीर आलम, कांग्रेसियों में भारी उत्साह।

Johar News Times
3 Min Read

सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री और पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक आलमगीर आलम शनिवार को करीब दो साल बाद अपने निजी आवास पहुंचे। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह और जश्न का माहौल देखा गया। कोटालपोखर और बरहरवा में समर्थकों ने अपने नेता का पलक-पावड़े बिछाकर भव्य स्वागत किया।

‘जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा पूरा इलाका

शनिवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच जैसे ही पूर्व मंत्री आलमगीर आलम का काफिला कोटालपोखर पहुंचा, वहां पहले से ही हजारों की संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया। समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और बुके देकर क्षेत्र में वापसी का स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल “आलमगीर आलम जिंदाबाद”, “निसात आलम जिंदाबाद”, “तनवीर आलम जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

समर्थकों ने जाना हालचाल, बेहतर स्वास्थ्य की कामना की

लंबे समय बाद अपने चहेते नेता को अपने बीच पाकर कई कार्यकर्ता भावुक भी नजर आए। स्वागत समारोह के दौरान लोगों ने पूर्व मंत्री से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु होने की कामना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि आलमगीर आलम के आने से क्षेत्र में पार्टी और कार्यकर्ताओं को एक नया बल मिलेगा।

झारखंड कांग्रेस के कई दिग्गज और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस ऐतिहासिक स्वागत कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और स्थानीय त्रिस्तरीय पंचायत के जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से शामिल हुए।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, सोशल मीडिया चेयरमैन नेहाल अख्तर, और कोटालपोखर पंचायत की मुखिया सेरोफिना हेंब्रम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इसके अलावा कोटालपोखर कांग्रेस पंचायत अध्यक्ष रंजीत भंडारी, युवा पंचायत अध्यक्ष समीम मंसूरी, गुलाम रब्बानी, सन्नवर मंसूरी, मनोज केडिया, वीरेंद्र भगत, नसीम मंसूरी, अजय साह, राजेश साह, विनोद घोष, वसीम मंसूरी एवं रहमत मंसूरी सहित भारी संख्या में आम लोग और प्रबुद्ध नागरिक देर शाम तक डटे रहे।

Share This Article