जमशेदपुर में जुआ-लॉटरी कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, बिष्टुपुर से तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर में जुआ-लॉटरी कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, बिष्टुपुर से तीन गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर में अवैध जुआ और प्रतिबंधित लॉटरी कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से नकद राशि, प्रतिबंधित बंगाल लॉटरी टिकट और ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि धतकीडीह हरिजन बस्ती में मुन्ना घोष के घर के पास अवैध जुआ और लॉटरी का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। कार्रवाई के दौरान कदमा निवासी मो. तनवीर जाफर तथा धतकीडीह निवासी मो. कमरुद्दीन और मो. तनवीर कुरैशी को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी में करीब 10 हजार रुपये नकद, प्रतिबंधित बंगाल लॉटरी टिकट और ताश के पत्ते जब्त किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी झारखंड में प्रतिबंधित बंगाल लॉटरी के अवैध कारोबार से जुड़े थे। इस मामले में बिष्टुपुर थाना में पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले कदमा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से जुआ और लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article