जमशेदपुर में जानलेवा बनी गर्मी, लू लगने से महिला समेत तीन की मौत

जमशेदपुर में जानलेवा बनी गर्मी, लू लगने से महिला समेत तीन की मौत

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर में भीषण गर्मी और लू अब लोगों की जान लेने लगी है। बीते एक सप्ताह में लू लगने से महिला समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा मामला शुक्रवार का है, जहां बिरसानगर में काम कर घर लौट रहे राजमिस्त्री सिपाही लोहार (36) की लू लगने से मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार सिपाही लोहार परसुडीह के हलुदबनी का निवासी था। शुक्रवार शाम वह काम खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान गोलमुरी थाना क्षेत्र के मथुरा बगान के पास अचानक उसे चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी मौत लू लगने से हुई।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सिपाही लोहार दो भाइयों में सबसे छोटा था। गौरतलब है कि इससे पहले भी जमशेदपुर में लू लगने से दो लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें पोटका की एक महिला मजदूर शामिल है, जो परसुडीह के सलगाझड़ी में काम कर घर लौट रही थी। वहीं मानगो क्षेत्र में कपाली निवासी एक मजदूर की भी लू लगने से मौत हो गई थी।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article