सिंहभूम कॉलेज में विभाग हटाने के प्रस्ताव पर विरोध तेज, कुलपति को भेजे गए सैकड़ों ईमेल

सिंहभूम कॉलेज में विभाग हटाने के प्रस्ताव पर विरोध तेज, कुलपति को भेजे गए सैकड़ों ईमेल

Johar News Times
2 Min Read

चांडिल: राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) -2020 के तहत क्लस्टर सिस्टम में सिंहभूम कॉलेज से गृह विज्ञान और समाजशास्त्र विभाग हटाने तथा वाणिज्य विभाग में एक शिक्षक पद समाप्त करने के प्रस्ताव का विरोध बढ़ गया है। विद्यार्थियों ने कुलपति को सैकड़ों ईमेल भेजकर फैसला वापस लेने की मांग की है। चांडिल अनुमंडल के एकमात्र अंगीभूत डिग्री कॉलेज में ईचागढ़, नीमडीह, कुकड़ू समेत आसपास के क्षेत्रों के हजारों छात्र पढ़ते हैं। छात्र नेताओं का कहना है कि गृह विज्ञान में 1,000 से 1,500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि समाजशास्त्र विभाग हटने से भी बड़ी संख्या में छात्र प्रभावित होंगे।

वाणिज्य विषय में स्नातकोत्तर स्तर तक पढ़ाई होने के बावजूद शिक्षक का एक पद खत्म करने की तैयारी पर भी छात्रों ने आपत्ति जताई है। साथ ही संथाली विषय में पर्याप्त विद्यार्थी होने के बावजूद शिक्षक नियुक्त नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।

ग्रीष्मावकाश के दौरान एआईडीएसओ के नेतृत्व में “जीमेल भेजो अभियान” चलाया गया, जिसके तहत सैकड़ों विद्यार्थियों ने कुलपति को ईमेल भेजे। छात्रों ने चेतावनी दी है कि प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। छात्र नेता कानू टुडू ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम से ग्रामीण विद्यार्थियों को अपने नजदीकी कॉलेज में उपलब्ध विषयों से वंचित किया जा रहा है। वहीं राजा प्रमाणिक ने इसे छात्र हितों के खिलाफ बताते हुए कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

गृह विज्ञान की छात्राओं अनीता और अफ्सा परवीन ने कहा कि विषय हटाए जाने से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होगी। उन्होंने विभागों को यथावत रखने की मांग की है।

Share This Article