गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने राज्यपाल से की मुलाकात, एनपीयू की समस्याओं और शिक्षा सुधार को लेकर सौंपा मांग पत्र

गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने राज्यपाल से की मुलाकात, एनपीयू की समस्याओं और शिक्षा सुधार को लेकर सौंपा मांग पत्र

Johar News Times
2 Min Read

रांची/गढ़वा: गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने मंगलवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात कर नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू), मेदिनीनगर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों में छात्रों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए राज्यपाल को एक मांग पत्र भी सौंपा।

विधायक ने विश्वविद्यालय में परीक्षाओं के समय पर आयोजन और परिणामों के नियमित प्रकाशन की मांग करते हुए कहा कि छात्रों का शैक्षणिक सत्र लगातार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने राज्यपाल से इस दिशा में आवश्यक हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कॉलेजों में व्याप्त कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की भी मांग उठाई। साथ ही उच्च शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

विधायक ने कहा कि छात्रों का भविष्य किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए। समय पर परीक्षा, समय पर परिणाम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर छात्र का बुनियादी अधिकार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रशासनिक पहल करेंगे। विधायक ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल के माध्यम से भी मुलाकात की जानकारी साझा की। इस पहल के बाद पलामू प्रमंडल के छात्रों में विश्वविद्यालय की समस्याओं के समाधान और शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Share This Article