जमशेदपुर: टाटा समूह की इंजीनियरिंग कंपनी टीआरएफ लिमिटेड ने टाटा स्टील और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टीएसयूआईएसएल) के साथ कुल ₹329.61 करोड़ के व्यावसायिक लेनदेन को मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव को शेयरधारकों का 99.02 प्रतिशत समर्थन मिला है।
ई-वोटिंग के जरिए स्वीकृत इस समझौते के तहत टीआरएफ, टाटा स्टील के साथ ₹314 करोड़ और टीएसयूआईएसएल के साथ ₹15.61 करोड़ का कारोबार करेगी। लेनदेन में इंजीनियरिंग उपकरणों की खरीद-बिक्री और तकनीकी सेवाओं का आदान-प्रदान शामिल है। कंपनी का मानना है कि इस कदम से परिचालन क्षमता में सुधार होगा और राजस्व वृद्धि को मजबूती मिलेगी। बाजार विशेषज्ञ भी इसे टीआरएफ के लिए सकारात्मक रणनीतिक पहल मान रहे हैं।
इस बीच टाटा स्टील ने सेबी नियमों के तहत स्पष्ट किया है कि टीआरएफ लिमिटेड में उसकी पूरी हिस्सेदारी कर्ज-मुक्त है। कंपनी सचिव पार्वतीसम कंचिनाधम के अनुसार, टीआरएफ में टाटा स्टील के किसी भी शेयर को गिरवी नहीं रखा गया है और उस पर कोई वित्तीय भार नहीं है। कंपनी की ओर से दी गई इस जानकारी को मजबूत कॉरपोरेट अनुपालन और दीर्घकालिक रणनीति का संकेत माना जा रहा है। इससे यह भी स्पष्ट हुआ है कि टाटा स्टील टीआरएफ में अपनी हिस्सेदारी और नियंत्रण को बनाए रखते हुए समूह के औद्योगिक इकोसिस्टम को और मजबूत करना चाहती है।
