पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स चला रहे थे नेटवर्क, हथियार, ड्रग्स तस्करी और आतंकी साजिशों के मिले सबूत,
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 7 आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। जांच में खुलासा हुआ है कि गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर पाकिस्तान में बैठकर इस नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के माध्यम से युवाओं की भर्ती कर उन्हें कट्टरपंथी बनाने, अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने तथा दिल्ली-एनसीआर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से कई सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, दर्जनों कारतूस, डिजिटल साक्ष्य और एक वाहन बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों को सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों की रेकी करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कई स्थानों की तस्वीरें और वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजे थे।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि नेटवर्क ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थ मंगाने, हवाला के माध्यम से फंडिंग करने तथा गुप्त डिलीवरी सिस्टम से अवैध सामान की सप्लाई में भी शामिल था।
पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अब नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों, फंडिंग स्रोतों और पाकिस्तान कनेक्शन की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई देश की सुरक्षा के खिलाफ रची जा रही एक बड़ी साजिश को विफल करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है।
