धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र के खुशरी मोड़ पर मंगलवार सुबह कोयला लदे हाइवा की चपेट में आने से ईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मी पांडरा निवासी 65 वर्षीय मनोज सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ स्कूटर पर सवार 62 वर्षीय बीना घोष गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निरसा-जामताड़ा रोड जाम कर दिया, जिससे एमपीएल के लिए कोयला और फ्लाई ऐश का परिवहन प्रभावित हो गया। पूर्व मुखिया रोबिन धीवर ने घायल बीना घोष को धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
सूचना मिलते ही विधायक अरूप चटर्जी, झामुमो नेता तपन तिवारी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष डॉ. संतोष राय समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने एमपीएल ट्रांसपोर्टिंग के लिए अलग एप्रोच रोड निर्माण या मौजूदा सड़क के चौड़ीकरण की मांग करते हुए शव के साथ प्रदर्शन जारी रखा। जानकारी के अनुसार, मनोज सिन्हा बीना घोष के साथ स्कूटर से निरसा बाजार जा रहे थे। खुशरी मोड़ के पास निरसा की ओर से आ रही हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में हाइवा का पिछला पहिया मनोज सिन्हा के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
निरसा थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना में शामिल वाहन की स्पष्ट पहचान की जा सके।
