बंद खदान में नहाने गया युवक लापता, डूबने की आशंका से मचा हड़कंप

बंद खदान में नहाने गया युवक लापता, डूबने की आशंका से मचा हड़कंप

Johar News Times
2 Min Read

खदान किनारे मिले कपड़े और साबुन, प्रशासन-पुलिस की निगरानी में चल रहा खोज अभियान,

हिरणपुर (पाकुड़): पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलपहाड़ी गांव में एक बंद पड़े खदान में नहाने गया युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक के खदान के गहरे पानी में डूब जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर खोजबीन में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलपहाड़ी निवासी स्वर्गीय सुबोध पहाड़िया के 25 वर्षीय पुत्र राम पहाड़िया मंगलवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच गांव के समीप स्थित बंद खदान में नहाने गया था। देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान परिजन खदान के पास पहुंचे, जहां पानी के किनारे राम पहाड़िया के कपड़े और साबुन पड़े मिले। कपड़े मिलने के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि वह खदान के गहरे पानी में डूब गया है। सूचना फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

घटना की जानकारी मिलते ही हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू तथा अंचलाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में युवक की तलाश के लिए खोज अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा संभावित रेस्क्यू की भी तैयारी की जा रही है।

इधर, युवक के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में चिंता और मायूसी का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

समाचार लिखे जाने तक राम पहाड़िया का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार खोज अभियान में जुटी हुई है।

Share This Article