भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के पीरो में टाटा स्टील के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर नकली उत्पाद बेचने का मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस और टाटा स्टील की ब्रांड प्रोटेक्शन टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक दुकान पर छापेमारी कर एक लाख रुपये से अधिक मूल्य का नकली सामान जब्त किया। जांच में पता चला कि दुकानदार टाटा ब्रांड के नाम पर नकली ‘सैफ कटर ब्लेड’ बेच रहा था और ग्राहकों को असली उत्पाद बताकर धोखा दे रहा था। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नकली सामग्री बरामद की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, टाटा स्टील की ब्रांड प्रोटेक्शन टीम ने कहा कि कंपनी के नाम का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकली उत्पादों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
