झारखंड में तंबाकू के खिलाफ चलेगा महाअभियान, 26 मई से 26 जून तक जागरूकता कार्यक्रम

झारखंड में तंबाकू के खिलाफ चलेगा महाअभियान, 26 मई से 26 जून तक जागरूकता कार्यक्रम

Johar News Times
3 Min Read

रांची : विश्व तंबाकू निषेध दिवस-2026 के अवसर पर झारखंड सरकार राज्यभर में 26 मई से 26 जून 2026 तक एक माह का विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाएगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार और राज्य स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर यह अभियान तंबाकू और निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से संचालित किया जाएगा। इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “अनमास्क द अपील : काउंटरिंग टोबैको एंड निकोटिन एडिक्शन” रखी गई है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थान, नगर निकाय, पुलिस प्रशासन, एनएसएस, एनसीसी, एनवाईकेएस और सामुदायिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

स्कूल-कॉलेजों में चलेंगे विशेष कार्यक्रम

राज्य सरकार के निर्देश पर स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को टोबैको फ्री एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन के मानकों की जानकारी दी जाएगी। इसके तहत वाद-विवाद, क्विज प्रतियोगिता, रैली और “नो टोबैको प्लेज” अभियान चलाया जाएगा। शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ भी दिलाई जाएगी।

गांवों में चलेगा ‘तंबाकू मुक्त ग्राम’ अभियान

ग्रामीण क्षेत्रों में साइकिल रैली, नुक्कड़ नाटक, दीवार लेखन और ग्राम सभा के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र और सार्वजनिक स्थलों पर “तंबाकू मुक्त क्षेत्र” तथा “गैर धूम्रपान क्षेत्र” के साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव पारित कर गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित करने की पहल भी होगी।

रैली, वॉकथॉन और सोशल मीडिया से जागरूकता

जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर रैली, प्रभात फेरी, वॉकथॉन, माइकिंग और सोशल मीडिया अभियान चलाए जाएंगे। प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में एंटी टोबैको पोस्टर और होर्डिंग लगाए जाएंगे।

कोटपा कानून के तहत चलेगी छापेमारी

अभियान के दौरान कोटपा-2003, झारखंड संशोधन अधिनियम 2021 और प्रोहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट्स एक्ट 2019 के पालन को लेकर विशेष छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा। स्कूल और कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन संयुक्त कार्रवाई करेगा। सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तंबाकू छोड़ने में सहायता के लिए राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 1800-11-2356 का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article