गढ़वा में आवास योजना के नाम पर महिला से ऑनलाइन ठगी, डीसी ने जांच के दिए निर्देश

गढ़वा में आवास योजना के नाम पर महिला से ऑनलाइन ठगी, डीसी ने जांच के दिए निर्देश

Johar News Times
2 Min Read

गढ़वा: जिले में सरकारी योजनाओं के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। कांडी प्रखंड के भीलमा गांव की सबिता सिंह ने जनसुनवाई में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा से शिकायत की कि एक कथित स्वयंसेवक ने आवास प्लस योजना में नाम जोड़ने का झांसा देकर घर की फोटो खींची और दो हजार रुपये की मांग की। झांसे में आकर उन्होंने फोन-पे के जरिए एक हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन सूची में उनका नाम नहीं आया। डीसी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

यह जिले में इस तरह का दूसरा मामला है। इससे पहले रमना प्रखंड के राजस्व कर्मचारी दिवाकर सिंह पर ऑनलाइन पैसे लेने का आरोप लगा था। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

जनसुनवाई में अन्य शिकायतें भी सामने आईं। सोह गांव के उदय प्रसाद ने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत कुआं निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ, जबकि पहली किस्त की राशि निकाल ली गई। वहीं दूबे मरहटिया गांव के अखिलेश्वर मिश्रा ने बताया कि 2020 में बिजली कनेक्शन मिलने के बाद भी पोल और तार नहीं लगाए गए हैं, जिससे खतरा बना हुआ है।

डंडई प्रखंड के रारो गांव की फूलमनी कुंवर ने शिकायत की कि कुछ लोग उनकी खतियानी जमीन पर अवैध निर्माण कर रहे हैं और विरोध करने पर दुर्व्यवहार करते हैं। उपायुक्त ने सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share This Article