जौनपुर (यूपी) के शिक्षक की पलामू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर (यूपी) के शिक्षक की पलामू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

Johar News Times
3 Min Read

पलामू : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किराये के मकान में रहने वाले शिक्षक का शव खिड़की की ग्रिल से फंदे के सहारे लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी सत्यप्रकाश श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह पांकी स्थित सिलदिलिया स्कूल में फिजिकल टीचर के पद पर कार्यरत थे और पांकी थाना रोड स्थित एक किराये के मकान में अकेले रहते थे। उनका परिवार उत्तर प्रदेश में ही निवास करता है। जानकारी के अनुसार, सत्यप्रकाश की पत्नी ने उनसे संपर्क करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इससे चिंतित होकर उन्होंने स्कूल के प्राचार्य को इसकी सूचना दी। प्राचार्य जब उनके आवास पर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए। शिक्षक का शव खिड़की की ग्रिल से फंदे के सहारे लटका हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रशांत कुमार और थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और उनके पांकी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक के कॉल डिटेल्स समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। शिक्षक की इस तरह हुई मौत से स्कूल प्रबंधन, सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है।

Share This Article