सरायकेला: 23 मई को सभी बूथों पर प्रकाशित होगी ‘Un-Mapped Elector List’, जानें क्यों जरूरी है अपना नाम जांचना

वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने की बड़ी मुहिम: 23 मई को अपने बूथ पर पहुंचें, नाम जांचें!

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार, सरायकेला-खरसावां जिले में मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में तय किया गया कि आगामी 23 मई 2026 को जिले के सभी तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर Un-Mapped Elector List का प्रकाशन किया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि कई बार मतदाता सूची में नागरिकों का नाम तो दर्ज होता है, लेकिन तकनीकी या अन्य कारणों से उनका नाम किसी विशेष मतदान केंद्र के साथ लिंक यानी ‘मैप’ नहीं हो पाता। ऐसे ही मतदाताओं की सूची को ‘Un-Mapped Elector List’ कहा गया है।

ऐसे सभी मतदाता 23 मई को सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर इस विशेष सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं।

शनिवार को विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

  • यदि जांच के दौरान किसी मतदाता का नाम इस अन-मैप्ड सूची में पाया जाता है, तो BLO द्वारा तुरंत उनका भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
  • मौके पर ही मतदाताओं से फॉर्म-6 या फॉर्म-8 भरवाया जाएगा ताकि उनका नाम सही मतदान केंद्र के साथ मैप जा सके।

उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने जिले के तमाम नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि वे 23 मई को अपने-अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची का अवलोकन जरूर करें। उन्होंने कहा:

“कोई भी पात्र मतदाता इस सूची से वंचित न रहे, यही जिला प्रशासन का संकल्प है। जिन मतदाताओं का नाम मैपिंग से छूटा हुआ है, वे शनिवार को अपने साथ पहचान पत्र, फोटो, आधार कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज लेकर सीधे मतदान केंद्र पहुंचें और अपना पंजीकरण दुरुस्त कराएं।”

इसके साथ ही उपायुक्त ने सभी ERO , AERO और BLO को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस विशेष अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

Share This Article