जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिले के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों- बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी एवं जमशेदपुर पश्चिमी के मतदान केंद्रों पर 23 मई को अन-मैप्ड वोटरों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार जिन मतदाताओं का नाम पिछले एसआईआर (वर्ष 2003) की मतदाता सूची से किसी कारणवश अब तक मैप (मिलान) नहीं हो सका है, वे सभी नागरिक शनिवार को अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर जाकर इस विशेष सूची में अपना नाम जांच सकते हैं।
यह व्यवस्था केवल कार्यालय अवधि तक ही प्रभावी रहेगी। इस संबंध में जिला प्रशासन ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे सुबह से ही मतदान केंद्रों पर अन-मैप्ड वोटरों की सूची के साथ उपस्थित रहें, ताकि किसी भी मतदाता को असुविधा न हो।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सूची में अपने नाम की जांच करें और बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक मैपिंग प्रक्रिया को पूर्ण कराएं, ताकि वे अपनी मतदाता पात्रता सुनिश्चित कर सकें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें।
