टीम पीएसएफ के 25 वर्ष पूरे, 80 से अधिक संस्थाएं और शतकवीर रक्तदाता हुए सम्मानित

टीम पीएसएफ के 25 वर्ष पूरे, 80 से अधिक संस्थाएं और शतकवीर रक्तदाता हुए सम्मानित

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: सामाजिक सेवा, रक्तदान और मानवता के क्षेत्र में 25 वर्षों की उल्लेखनीय यात्रा पूरी करने के अवसर पर प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) ने रविवार को बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल के नवनिर्मित प्रेक्षागृह में भव्य वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में समाजसेवा, रक्तदान और झारखंडी संस्कृति के प्रति समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला।

समारोह के मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा ने टीम पीएसएफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने रक्तदाताओं एवं रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली विभिन्न संस्थाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, झारखंड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत कटारे, झारखंड पुलिस एसोसिएशन के सचिव संतोष महतो, जमशेदपुर ब्लड सेंटर की सचिव नलिनी राममूर्ति, सह सचिव रविंद्र दुग्गल, जीएम संजय चौधरी, अभिनेत्री एवं मॉडल नीला सेनगुप्ता, ज्योत्सना सरकार तथा समाजसेवी पायल चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान वर्षभर रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली 80 से अधिक स्वयंसेवी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा टीम पीएसएफ से जुड़े 10 शतकवीर रक्तदाताओं, एसडीपी रक्तदान अभियान के पांच प्रमुख रक्तदाताओं तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच व्यक्तियों को “टीम पीएसएफ गौरव मानव सेवा सम्मान” से नवाजा गया।

इस मौके पर संस्था ने “टाइम बैंक” और “टीम पीएसएफ इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक” की शुरुआत भी की। इन योजनाओं का उद्देश्य संस्था के सदस्यों और उनके परिवारों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न संस्थानों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। संस्था के इस आयोजन ने सामाजिक सेवा और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article