नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जमशेदपुर में पढ़ने की चाहत रखने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी और खुशखबरी वाली खबर है। संस्थान आगामी अगस्त 2026 से अपने परिसर में दो वर्षीय पूर्णकालिक आवासीय मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। तकनीकी और इंजीनियरिंग शिक्षा के क्षेत्र में अपनी धाक जमाने के बाद प्रबंधन के क्षेत्र में एनआईटी का यह एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
इस कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 जून 2026 से शुरू होकर 5 जुलाई 2026 तक चलेगी।
सिर्फ 30 सीटों पर होगा मुकाबला, प्रवेश परीक्षा से मिलेगा दाखिला
संस्थान ने शुरुआती सत्र के लिए सीटों की संख्या काफी सीमित रखी है। अखिल भारतीय स्तर पर केवल 30 सीटों के लिए ही योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसके लिए बकायदा एक प्रवेश परीक्षा और तय चयन प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
नेतृत्व क्षमता और उद्योगों से जुड़ाव पर रहेगा फोकस
NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने इस नए कोर्स के बारे में जानकारी देते हुए बताया:
“इस प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में विश्वस्तरीय प्रबंधन कौशल, विश्लेषणात्मक क्षमता, नेतृत्व गुण और नैतिक मूल्यों का विकास करना है। एनआईटी का समृद्ध शैक्षणिक माहौल, उद्योगों के साथ मजबूत जुड़ाव और हमारी बहुविषयी विशेषज्ञता छात्रों को बेहतरीन प्रबंधन शिक्षा प्रदान करने में मदद करेगी।”
निदेशक ने इच्छुक अभ्यर्थियों को पात्रता और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.nitjsr.ac.in पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
पहले सेमेस्टर की फीस संरचना पर एक नजर:
संस्थान द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार, सामान्य, ओबीसी और दिव्यांग वर्ग के छात्रों के लिए प्रति सेमेस्टर 35,000 रुपये ट्यूशन फीस तय की गई है। वहीं, SC-ST वर्ग के छात्रों को ट्यूशन फीस में 100% की छूट दी गई है।
अन्य शुल्कों का विवरण इस प्रकार है:
- इंस्टीट्यूट फीस : 12,000 रुपये
- हॉस्टल फीस : 15,000 रुपये (प्रति सेमेस्टर)
- मेस एडवांस : 17,000 रुपये (प्रति सेमेस्टर)
- वन-टाइम एडमिशन शुल्क : 32,000 रुपये
इन सभी मदों को मिलाकर पहले सेमेस्टर में सामान्य और ओबीसी वर्ग के छात्रों को करीब 1.11 लाख रुपये से 1.14 लाख रुपये तक का खर्च आएगा।
योग्य और इच्छुक उम्मीदवार कल यानी 15 जून 2026 से एनआईटी जमशेदपुर की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन मोड में अप्लाई कर सकते हैं। वेबसाइट पर ही आपको विस्तृत सूचना पुस्तिका , सीटों का वर्गीकरण और आरक्षण नीति से जुड़ी सारी जानकारियां मिल जाएंगी।
