खान सर पर बड़ा एक्शन! हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, गिरफ्तारी की चर्चा तेज

खान सर पर बड़ा एक्शन! हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, गिरफ्तारी की चर्चा तेज

Johar News Times
4 Min Read

कोचिंग संस्थान पहुंचे वकील; पुलिस जांच में जुटी,

पटना: चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पटना के कदमकुआं थाना में उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। फायरिंग विवाद में पहले ही उनके दो बॉडीगार्ड गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि अब खान सर भी जांच के दायरे में आ गए हैं। इस बीच उनके कोचिंग संस्थान में वकीलों के पहुंचने से मामले को लेकर हलचल और बढ़ गई है। मामला 2 जून की रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुए विवाद और कथित फायरिंग से जुड़ा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार किया था। अब दर्ज एफआईआर में खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।

जेडीयू ने उठाए सवाल, कहा- क्या बच्चों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़?

मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि जिन लोगों ने पहले गोलीबारी के आरोप लगाए थे, अब वही खुद सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मी पुलिस हिरासत में हैं और पूरे मामले की जांच जारी है। नीरज कुमार ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या ऐसे लोग छात्रों की जिंदगी और उनके करियर के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं? उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

छात्रों से बोले खान सर- कोचिंग बंद हुई तो फीस डेढ़ लाख तक पहुंच सकती है

विवाद के बीच खान सर का एक नया वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह क्लासरूम में छात्रों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए दावा किया कि उनके सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करने वालों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और असली मुद्दे से ध्यान भटकाया जा रहा है।

खान सर ने छात्रों से कहा कि यदि खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो गया तो अगले छह महीनों में कई कोचिंग संस्थानों की फीस एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पैसा कमाना नहीं, बल्कि कम लागत में छात्रों को शिक्षा उपलब्ध कराना है। वीडियो में उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के दौरान उनके एक सुरक्षा गार्ड को 20 से 25 लोगों ने बेरहमी से पीटा था। खान सर ने एक किताब हाथ में लेकर कहा कि वह “विद्या की कसम” खाकर कह रहे हैं कि उस दिन फायरिंग हुई थी।

हालांकि उन्होंने इसे आत्मरक्षा की कार्रवाई बताया। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फायरिंग की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है, जबकि पूरे घटनाक्रम पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Share This Article