गाण्डेय विधानसभा में झामुमो की बैठक, SIR को लेकर अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग पर जोर

गाण्डेय विधानसभा में झामुमो की बैठक, 60,432 अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश, 14 जून को प्रशिक्षण कार्यक्रम की घोषणा।

Johar News Times
3 Min Read

मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक गुरुवार को उत्सव उपवन, गिरिडीह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र में 60,432 मतदाता अनमैप्ड हैं, जिन्हें मैपिंग में लाने के लिए बीएलए टू सहित सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि अनमैप्ड मतदाताओं को मैपिंग में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए झारखंड सरकार गंभीर है। इसके तहत जल्द ही राइट टू सर्विस एक्ट के अंतर्गत सेवा पखवारा का आयोजन कर कैंप लगाए जाएंगे, जिनमें जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे डाटा में आने वाली त्रुटियों को भी दूर किया जा सकेगा।

जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि झामुमो SIR प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह गंभीर है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि इसके लिए 14 जून को उत्सव उपवन गिरिडीह में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि पार्टी SIR प्रक्रिया को लेकर सक्रिय रूप से काम कर रही है, लेकिन मतदाताओं को भी जागरूक होने की आवश्यकता है, क्योंकि यदि नाम कट गया तो भविष्य में उसे जोड़ने को लेकर अनिश्चितता बनी रह सकती है।

जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी ने अनमैप्ड मतदाताओं से समय पर अपना मैपिंग कराने की अपील की। वहीं जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि वर्ष 2003 के अंतिम SIR के आधार पर पात्रता तय की जा रही है, और पारिवारिक रिकॉर्ड के आधार पर नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।

बैठक में विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, सचिव, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान कई पदाधिकारियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी रखीं और सुझाव दिए।

कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती और मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

Share This Article