घाटशिला प्रखंड परिसर में शुक्रवार को दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और आजीविका संवर्धन को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में घाटशिला के लोकप्रिय युवा विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और जरूरतमंद दिव्यांगों के बीच इलेक्ट्रिक ट्राय-साइकिल व ट्रॉली का वितरण किया। आधुनिक सहायता सामग्री पाकर दिव्यांग भाई-बहनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता: विधायक
सामग्री वितरण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करना हमारा मुख्य उद्देश्य है। ये इलेक्ट्रिक ट्राय-साइकिलें उनके जीवन की रफ्तार को बढ़ाने में मददगार साबित होंगी।”
इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान प्रखंड परिसर में ही स्थानीय किसानों और बागवानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए “फलों का राजा आम” बिक्री केंद्र का भव्य उद्घाटन विधायक के हाथों किया गया। उद्घाटन के बाद विधायक ने आम उत्पादकों व विक्रेताओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह के आउटलेट से स्थानीय किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को अपनी फसल का सही मूल्य मिल सकेगा।
प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद इस खास मौके पर घाटशिला की प्रखंड विकास पदाधिकारी यूनिका शर्मा एवं अंचल पदाधिकारी निशांत अंबर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और जीवन में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा
इस पूरे आयोजन के दौरान प्रखंड का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, सचिव खुदी राम हांसदा, कोषाध्यक्ष बाबूलाल मुर्मू, वरिष्ठ नेता जगदीश भक्त, काजल डॉन, विकास मजूमदार, सुजय सिंह, अंकुर कावरी, रंजीत कोयरी, सागर पानी, राजा सिंह, सौरभ बोस और मदन दलाई सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित थे।
