लखनऊ-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में फर्जी निकली धमकी; 180 यात्री सुरक्षित

लखनऊ-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में फर्जी निकली धमकी; 180 यात्री सुरक्षित

Johar News Times
2 Min Read

लखनऊ: लखनऊ से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक उड़ान में शुक्रवार सुबह बम होने की सूचना मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की गहन जांच के बाद धमकी फर्जी निकली और विमान में सवार सभी 180 यात्री सुरक्षित पाए गए।

टिश्यू पेपर पर लिखी मिली बम की धमकी
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-2111 सुबह 10:45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी। सभी यात्री विमान में सवार हो चुके थे, तभी विमान के शौचालय में एक टिश्यू पेपर पर बम विस्फोट की धमकी लिखी मिली। सूचना मिलते ही पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी जानकारी दी।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने की जांच
सूचना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को मौके पर बुलाया। सुरक्षा कर्मियों ने विमान की बारीकी से तलाशी ली और काफी देर तक जांच अभियान चलाया।

कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली

लंबी जांच के बावजूद विमान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पुष्टि की कि यह किसी शरारती तत्व द्वारा दी गई फर्जी धमकी थी।

जांच के बाद रवाना होगी उड़ान
धमकी फर्जी पाए जाने के बाद यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। अधिकारियों के अनुसार, सभी आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। साथ ही धमकी देने वाले शरारती तत्व की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

Share This Article