अमेरिका के रक्षा मंत्रालय का मुख्यालय पेंटागन देश की सैन्य रणनीतियों और वैश्विक सुरक्षा अभियानों का सबसे बड़ा संचालन केंद्र है। ऐसे में यहां किसी भी सुरक्षा अलर्ट को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटना माना जाता है।
वॉशिंगटन: ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन में गुरुवार को अचानक सुरक्षा अलर्ट जारी होने से अफरा-तफरी मच गई। संभावित खतरे के मद्देनजर इमारत के कई हिस्सों को खाली कराया गया, जबकि कुछ मंजिलों को सील कर दिया गया। हालांकि अधिकारियों ने इसे एहतियाती कदम बताया है।
निगरानी प्रणाली ने दिया खतरे का संकेत
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पेंटागन की आंतरिक निगरानी प्रणाली ने वायु गुणवत्ता से जुड़ी एक संभावित समस्या का संकेत दिया। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए और खतरनाक पदार्थों से निपटने वाली विशेष बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं।
कर्मचारियों को जारी किया गया अलर्ट
पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने बताया कि सुरक्षा मानकों के तहत प्रभावित क्षेत्र में “शेल्टर इन प्लेस” सहित सभी आवश्यक कदम उठाए गए। कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में कहा गया कि वायु गुणवत्ता संबंधी समस्या की जांच की जा रही है, जिसमें एक से दो घंटे का समय लग सकता है। साथ ही परिसर में मौजूद बचावकर्मियों को देखकर घबराने की जरूरत नहीं है।
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बढ़ी चिंता
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा सैन्य कदम उठाने के संकेत दिए हैं। वहीं पश्चिम एशिया में लगातार हमलों और जवाबी कार्रवाइयों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं अधिकारी
फिलहाल पेंटागन में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सतर्क हैं। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने तक एहतियाती उपाय जारी रहेंगे।
