हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन: विशेष अभियान में महिला अपराध और POCSO के 31 फरार आरोपी गिरफ्तार, 29 टीमों ने रातभर की छापेमारी

"महिला और बाल सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ेगा भारी, हजारीबाग पुलिस की तैयारी है पूरी भारी!"

Johar News Times
2 Min Read

महिला सुरक्षा और बाल अपराधों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देश पर जिले भर में चलाए गए एक विशेष समकालीन अभियान के तहत पुलिस ने महिला उत्पीड़न और पोक्सो एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

29 विशेष टीमें और 87 जवानों का ‘मिडनाइट ऑपरेशन’ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस बड़े पैमाने पर की गई कार्रवाई के लिए जिले में 29 विशेष टीमों का गठन किया गया था। सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में कुल 87 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने देर रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस ‘मिडनाइट ऑपरेशन’ से फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया।

31 वारंट और कुर्की आदेशों का निष्पादन इस विशेष अभियान के दौरान न केवल 31 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया, बल्कि न्यायालय द्वारा जारी 31 लंबित वारंट और कुर्की-जब्ती के आदेशों का भी सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी महिला अपराध और पोक्सो अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर फरार चल रहे थे।

“महिला सुरक्षा और बच्चों के खिलाफ अपराधों को लेकर हजारीबाग पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आम जनता से अपील है कि वे ऐसे अपराधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, उनका नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।” – हजारीबाग पुलिस प्रशासन

पुलिस की इस त्वरित और चौतरफा कार्रवाई को जिले में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Share This Article