चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। उनके खिलाफ पटना के कदमकुआं थाना में हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
बॉडीगार्ड्स के बयान के बाद दर्ज हुई FIR, मुश्किल में खान सर
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, खान सर के बॉडीगार्ड्स ने पूछताछ में बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। बॉडीगार्ड्स का दावा है कि उन्हें गोली चलाने के लिए कहा गया था। इसी बयान को आधार बनाते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत एफआईआरर्ज की है।
बीएनएस की इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। इस गंभीर धारा के कारण आरोपी को अग्रिम जमानत का लाभ भी नहीं मिलता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खान सर के वकील आनन-फानन में कोचिंग संस्थान पहुंचे हैं। वहीं, राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े, इसे लेकर आईजीकार्यालय में पुलिस के उच्च अधिकारियों की एक हाई-लेवल मीटिंग भी हुई है।
कोचिंग के बाहर छात्रों का प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात
जैसे ही खान सर पर एफआईआर और पुलिस छापेमारी की खबर फैली, सैकड़ों की संख्या में छात्र उनके समर्थन में कोचिंग संस्थान के बाहर जुट गए। छात्रों ने पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। माहौल गर्माता देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
पुलिस की अपील— “बहकावे में न आएं छात्र”
बढ़ती भीड़ और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पटना पुलिस ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि छात्र किसी भी कोचिंग संस्थान या अफवाहों के बहकावे में न आएं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक और कानूनी तफ्तीश में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
