बंगाल में ED का बड़ा एक्शन: पूर्व DCP शांतनु सिन्हा के घर रेड, ‘सोना पप्पू’ नेटवर्क की जांच तेज

बंगाल में ED का बड़ा एक्शन: पूर्व DCP शांतनु सिन्हा के घर रेड, ‘सोना पप्पू’ नेटवर्क की जांच तेज

Johar News Times
3 Min Read

पश्चिम बंगाल में कथित एक्सटॉर्शन, जमीन कब्जाने और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई का केंद्र पूर्व DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास और कथित ‘सोना पप्पू’ नेटवर्क रहा।

सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई

ED की कई टीमों ने सुबह करीब 6 बजे कोलकाता और मुर्शिदाबाद समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। जांच एजेंसी कथित जबरन वसूली रैकेट और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।

किन-किन जगहों पर पड़ी रेड?

कोलकाता में चक्रबेरिया, रॉय स्ट्रीट और कस्बा इलाके ED के रडार पर रहे।

  • चक्रबेरिया में कारोबारी अतुल कटारिया के घर तलाशी ली गई।
  • रॉय स्ट्रीट स्थित एक होटल और कारोबारी के ठिकाने पर जांच हुई।
  • कस्बा में कोलकाता पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के घर भी छापा मारा गया।

वहीं, ED की दूसरी टीम मुर्शिदाबाद के कांडी पहुंची, जहां पूर्व DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर कार्रवाई की गई।

एक दिन पहले हुई थी गिरफ्तारी

गौरतलब है कि ED ने गुरुवार को करीब 10 घंटे की पूछताछ के बाद शांतनु सिन्हा बिस्वास को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने पूछताछ में सहयोग नहीं किया और कई सवालों के सीधे जवाब देने से बचते रहे। ED अधिकारियों के मुताबिक, जांच ‘सोना पप्पू’ नेटवर्क से जुड़े कथित भूमि कब्जा, वसूली और वित्तीय गड़बड़ियों पर केंद्रित है। जांच के दौरान सामने आए व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल सबूतों को भी आधार बनाया गया है।

‘सोना पप्पू’ कनेक्शन क्या है?

जांच एजेंसियों के अनुसार, कारोबारी जय कामदार, जिसे ‘सोना पप्पू’ का करीबी माना जाता है, उसके साथ शांतनु सिन्हा के कथित संबंधों की भी जांच हो रही है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में कोलकाता पुलिस के सुरक्षा नियंत्रण विभाग में तैनात रहे शांतनु सिन्हा को पहले कई बार समन भेजा गया था। पेश नहीं होने पर उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। पूर्व में कालीघाट थाने के प्रभारी रह चुके शांतनु सिन्हा पहले भी कई विवादों और जांचों के घेरे में रह चुके हैं। फिलहाल ED दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच में जुटी हुई है।

Share This Article