बोकारो: बोकारो-रांची रेलखंड पर राधानगर आउटर सिग्नल के पास रेलवे ट्रैक से तीन युवकों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब नौ किलोमीटर दूर राधानगर पंचायत के लावाटांड़ क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार मृतकों की उम्र 18 से 21 वर्ष के बीच है। एक युवक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर गोमिया प्रखंड के मड़वाडीह, टीकाहारा, बरकी पुनु निवासी सूरजलाल सोरेन के पुत्र बबलू सोरेन के रूप में हुई है। दूसरे की पहचान दीपक सोरेन के रूप में हुई है, जबकि तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी मिली है।
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
तीनों शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। एक शव रेलवे ट्रैक पर, दूसरा ट्रैक किनारे और तीसरा कुछ दूरी पर पड़ा था। एक युवक के सिर में गंभीर चोट, दूसरे की कलाई कटी हुई थी, जबकि तीसरे के शरीर पर बाहरी चोट कम दिखी, लेकिन अंदरूनी चोट की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि तीनों युवक किसी ट्रेन की चपेट में आए होंगे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जीआरपी ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहें हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।
