सड़क हादसे में घायल नेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना, चिकित्सकों से ली उपचार की जानकारी,
जमशेदपुर: सड़क दुर्घटना में घायल चाईबासा भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू का हालचाल जानने के लिए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बुधवार को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती गीता बालमुचू से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। संजय सेठ ने चिकित्सकों से उपचार की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि गीता बालमुचू जल्द स्वस्थ होकर फिर से संगठनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएं, यही उनकी शुभकामना है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने टीएमएच में भर्ती भाजपा बर्मामाइंस मंडल के कार्यकर्ता सुख सागर गुप्ता से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। वहीं सड़क दुर्घटना में घायल भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिकिशोर तिवारी के बिष्टुपुर स्थित आवास पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, कुलवंत सिंह बंटी, उदय सिंह देव, विजय महतो, संजीव सिंह, राजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी जाना स्वास्थ्य का हाल
झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी टीएमएच पहुंचकर गीता बालमुचू से मुलाकात की। उन्होंने उपचार संबंधी जानकारी ली, परिजनों का हौसला बढ़ाया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, गुंजन यादव, राजेश शुक्ल, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, अनिल मोदी समेत कई नेता मौजूद रहे।
जमशेदपुर पहुंचने पर हुआ स्वागत
जमशेदपुर आगमन पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ का भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिसदन में जोरदार स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक एवं राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा की।
