सरायकेला: तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। इसी क्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से तंबाकू जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित यह जागरूकता रथ अगले एक माह तक जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस दौरान लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान, तंबाकू नियंत्रण कानूनों और नशा छोड़ने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। रथ के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेश, पोस्टर, पंपलेट और अन्य प्रचार सामग्री के जरिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों समेत कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनता है। उन्होंने लोगों से तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि COTPA-2003 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह निषिद्ध है। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
जिला प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए जिला अस्पताल सरायकेला में तंबाकू मुक्ति केंद्र संचालित है, जहां निःशुल्क परामर्श और दवा उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, जिला नोडल पदाधिकारी एनटीसीपी डॉ. ज्योति कुमारी, डीपीएम रंजन कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
