जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को बाजार में शनिवार रात एक युवक पर 20-25 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मछुआ बस्ती निवासी कृष्णा मछुआ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कृष्णा मछुआ शनिवार रात बाजार में नाश्ता करने गया था। इसी दौरान अचानक 20-25 लोगों का समूह वहां पहुंचा और उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों के जुटने पर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
चार महीने पहले जेल से छूटा था कृष्णा
परिजनों के अनुसार, कृष्णा मछुआ एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब चार महीने पहले जमानत पर रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद वह अपने गांव में रह रहा था। कोर्ट में पेशी के सिलसिले में वह शुक्रवार को जमशेदपुर आया था। शनिवार शाम बाजार जाने के दौरान उस पर हमला कर दिया गया। परिजनों ने पुराने पड़ोसी विवाद को हमले की वजह बताया है। वहीं पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
