जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मानगो और सदर अस्पताल, करनडीह की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा अस्पताल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नोडल पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अपर उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को एमजीएम अस्पताल का नोडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम को सदर अस्पताल, करनडीह का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
निर्देश में कहा गया है कि दोनों अधिकारी संबंधित अस्पतालों का नियमित निरीक्षण और अनुश्रवण करेंगे। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा मरीजों और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि नियमित निगरानी और जवाबदेही तय होने से दोनों प्रमुख सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
