अस्पताल के कपड़ों में, ऑक्सीजन सपोर्ट पर दी NEET परीक्षा: हादसे में टूटी थीं 9 पसलियां, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की पहल पर मिली विशेष व्यवस्था

"टूटी पसलियां, ऑक्सीजन सपोर्ट, पर नहीं टूटा हौसला: गंभीर हालत में भी सृष्टि दुबे ने दी NEET परीक्षा।"

Johar News Times
3 Min Read

“मन में हौसला हो तो विपरीत परिस्थितियां भी रास्ता दे देती हैं।” इस कहावत को सच कर दिखाया है पश्चिम बंगाल की नीट अभ्यर्थी सृष्टि दुबे ने। एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सृष्टि ने हार नहीं मानी और अस्पताल के बेड से सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचकर मिसाल कायम की।

इस मुश्किल घड़ी में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मानवीय हस्तक्षेप ने छात्रा के संकल्प को टूटने नहीं दिया और परीक्षा केंद्र पर विशेष इंतजाम किए गए।

हादसे में टूटी थीं 9 पसलियां, सर्जरी के बाद भी नहीं डिगा हौसला

जानकारी के अनुसार, 14 जून को एक सड़क दुर्घटना में सृष्टि दुबे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इस हादसे में उनकी नौ पसलियां टूट गईं, जिसके बाद उन्हें मेजर सर्जरी से गुजरना पड़ा। वह वर्तमान में भी कृत्रिम ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। शारीरिक रूप से इतनी गंभीर स्थिति में होने के बावजूद उन्होंने अपने साल भर की मेहनत को बेकार नहीं जाने देने का फैसला किया और परीक्षा में शामिल होने की इच्छा जताई।

अभिभावकों की अपील पर शिक्षा मंत्री का त्वरित एक्शन

सृष्टि की हालत को देखते हुए उसके माता-पिता ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से संपर्क किया। उन्होंने अनुरोध किया कि छात्रा को ग्राउंड फ्लोर पर एक अलग कमरा, टेबल-कुर्सी, और मेडिकल उपकरणों के साथ परीक्षा देने की अनुमति दी जाए। मामले की गंभीरता और छात्रा के जज्बे को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने तुरंत हस्तक्षेप किया और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी व स्थानीय प्रशासन को निर्देश जारी किए।

परीक्षा केंद्र पर तैनात रही मेडिकल टीम और एम्बुलेंस

शिक्षा मंत्री की पहल के बाद परीक्षा केंद्र पर सृष्टि के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए गए:

  • उन्हें परीक्षा केंद्र के ग्राउंड फ्लोर पर एक विशेष और अलग कमरा आवंटित किया गया।
  • परीक्षा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल सपोर्ट टीम और एक एम्बुलेंस को केंद्र पर तैनात रखा गया।
  • उन्हें अस्पताल के कपड़ों और जरूरी मेडिकल उपकरणों के साथ परीक्षा देने की विशेष छूट दी गई।

भावुक माता-पिता ने जताया आभार डॉक्टरों की देखरेख और प्रशासनिक सहयोग के बीच सृष्टि ने सफलतापूर्वक अपनी नीट परीक्षा पूरी की। बेटी के इस साहस और सरकार से मिले त्वरित सहयोग से भावुक होकर माता-पिता ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को फोन कर उनका विशेष आभार व्यक्त किया।

Share This Article