पलामू जिले के छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण और पूर्व उग्रवाद प्रभावित सुदूर इलाकों के विकास को गति देने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। रविवार को वित्त, योजना एवं विकास मंत्री राधाकृष्ण किशोर और पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने संयुक्त रूप से लगभग 23 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए सभी राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर काम किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय को ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रों के विकास के लिए बेहद आवश्यक बताया।
उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में विकास को मिलेगी रफ्तार
मंत्री ने अतीत को याद करते हुए कहा कि डगरा क्षेत्र कभी उग्रवाद की चपेट में था, जहाँ आम लोगों का सामान्य आवागमन भी बेहद कठिन और असुरक्षित था। सरकार ने सबसे पहले वहाँ पुलिस पिकेट स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया, ताकि भयमुक्त माहौल बन सके। सुरक्षा बहाल होने के बाद अब वहां सड़क, बिजली, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर पूरा जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत बनेंगी 100 से अधिक सड़कें
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विष्णु दयाल राम ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत इस पूरे क्षेत्र में 100 से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि नौडीहा बाजार प्रखंड के विकास के लिए सरईडीह-डगरा सड़क परियोजना सबसे महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित योजनाओं में से एक है।
करीब 10 करोड़ रुपये से चमकेगा सरईडीह-डगरा मार्ग
योजना एवं विकास विभाग की अनाबद्ध निधि से स्वीकृत सरईडीह-डगरा सड़क की कुल लंबाई 8.87 किलोमीटर होगी, जिस पर 9 करोड़ 76 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में इस कच्चे और जर्जर मार्ग की स्थिति इतनी बदतर है कि महज 9 किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को दो घंटे तक का समय लग जाता है।
इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ: इस सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद हार्वे, सलैया, डगरा, अंतकाल और जमुना समेत दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को जिला मुख्यालय और प्रखंड तक आने-जाने की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
इस भव्य शिलान्यास कार्यक्रम में नौडीहा बाजार की प्रमुख रेशम कुमारी, बीडीओ परितोष प्रियदर्शी, मुखिया विनोद सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष संतोष पाठक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
