खूंटी : जिले के रनिया थाना क्षेत्र स्थित बांगुरकुलम झोराटोली गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो पोतों ने अपनी 69 वर्षीय दादी पुटकी देवी की हत्या कर शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कोयल नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों सोनू झोरा और जतरू झोरा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 12 जून की शाम साप्ताहिक हाट के दौरान पुटकी देवी का बेटा और बहू बाजार गए हुए थे। इसी बीच दादी और दोनों पोतों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों ने वृद्धा को धक्का दे दिया, जिससे उनके माथे में गंभीर चोट लगी और अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कोयल नदी किनारे गुलर के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपा दिया। वहीं घर के आंगन में गिरे खून के निशानों को मिटाने के लिए गोबर से लीप दिया गया।

शाम को जब मृतका का बेटा और बहू घर लौटे तो पुटकी देवी नहीं मिलीं। आंगन में खून के निशान और उन्हें छिपाने के प्रयास को देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। बाद में गांव में चर्चा के बीच मामला सामने आया, जिसके बाद मृतका के पुत्र ने 14 जून को रनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कोयल नदी किनारे झाड़ियों से बोरे में बंद शव बरामद किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
