मुख्यमंत्री झारखंड दुर्घटना कोष योजना के तहत परिजनों को मिली सहायता,
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड की निवासी पुड़गी मुर्मू की आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित पहल करते हुए उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव भेजने की व्यवस्था की। पुड़गी मुर्मू गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुचरीशोल गांव की रहने वाली थीं। उनका 13 जून को विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर आकस्मिक निधन हो गया था।
उपायुक्त के निर्देश पर श्रम विभाग ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), विशाखापट्टनम से संपर्क किया तथा आंध्र प्रदेश की सहयोगी संस्था माइग्रेंट असिस्टेंस एंड इंफॉर्मेशन नेटवर्क (एमएआईएन) के माध्यम से मामले का सत्यापन कराया। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस से झारखंड भेजा गया।
जिला प्रशासन ने मृतका के माता-पिता को मुख्यमंत्री झारखंड दुर्घटना कोष योजना के तहत स्वीकृत आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया। वहीं स्टेट माइग्रेंट कंट्रोल रूम (ओएसएमसीआर) ने पूरी प्रक्रिया के दौरान परिवार और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखा। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके गांव रवाना कर दिया गया।
